1. रिज से आईजीएमसी तक सड़क पर बिछेंगी टाइलें
रिज से लक्कड़ बाजार होते हुए आईजीएमसी तक सड़क का सुंदरीकरण किया जाएगा। यह बात एचपीटीडीसी के वाइस चेयरमैन हरीश जनारथा ने लक्कड़ बाजार में स्थानीय लोगों और कारोबारियों के साथ की गई बैठक में कही। बैठक के दौरान मौजूद लोगों ने जनारथा के समक्ष क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि लक्कड़ बाजार में सालों से दुकानों और घरों के सामने नालियां टूटी पड़ी हैं जिस कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैली रहती है।
इस दौरान लोगों ने आवासीय कॉलोनियों के रास्तों में टाइलों का निर्माण और स्थानीय और कारोबारियों को पार्किंग की समस्या से निजात पाने के लिए पार्किंग और सामुदायिक भवन के निर्माण किया जाने की मांग भी की। मांगों पर गौर करते हुए हरीश जनारथा ने क्षेत्र में साफ सफाई और रास्तों की मरम्मत के बारे में बैठक में मौजूद नगर निगम के सहायक अभियंता और कनीष्ठ अभियंता को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द क्षेत्र में सफाई की जाए और रास्तों की मरम्मत का कार्य किया जाए।
2. घैणी के लिए एचआरटीसी की एक और बस सेवा शुरू
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र की घैणी पंचायत में शुक्रवार से पथ परिवहन निगम ने एक और बस सेवा शुरू की है। बस मुख्य बस अड्डे से सुबह सवा आठ बजे वाया लक्कड़ बाजार जाएगी और घैणी से सुबह सवा दस बजे शिमला लौटेगी। लंबे समय से बस लगाने की मांग की जा रही थी। इससे घैणी के अलावा पाहल और नीन पंचायत के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
बस सेवा शुरू करने पर घैणी ग्राम पंचायत प्रधान राम प्यारी वर्मा, उप प्रधान गीताराम, वार्ड मेंबर कांता, सुनीता, नीलम, मदन गोपाल, युवक मंडल घैणी के प्रधान और तहसील यूनियन सुन्नी के निदेशक महेंद्र ठाकुर, भारत स्वाभिमान जिला सह प्रभारी उमा शंकर, भूतपूर्व पंचायत समिति सदस्य पाहल, नीन, घैणी की सदस्य कमला वर्मा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष एनसी वर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रदीप वर्मा सहित स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य, प्रबंध निदेशक पथ परिवहन निगम और निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक का आभार जताया है।
3. आईजीएमसी में आज से ग्रीन हाउस में चलेगी आर्थो ओपीडी
आईजीएमसी में शनिवार से आर्थो ओपीडी ग्रीन हाउस में शिफ्ट हो जाएगी। शुक्रवार को आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉॅ. रमेश चंद ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आर्थो के ट्रामा पेशेंट का इलाज भी यहीं पर होगा। इमरजेंसी विभाग में भारी रश से निजात मिलेगी। ऐसे में माइनर ओटी में मरीजों को आ रही परेशानी और जगह की समस्या का सामना भी नहीं करना होगा। हालांकि, इससे पहले पुराने भवन के साथ बनी ओपीडी में मरीजों का इलाज किया जाता था। शुक्रवार को ओपीडी का सामान शिफ्ट कर दिया गया है।
4. कारोबारियों के लिए जांच शिविर 18 को
शिमला व्यापार मंडल और मेक्स अस्पताल मोहाली की ओर से 18 दिसंबर को रिज मैदान पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर शहर के कारोबारियों के लिए लगाया जा रहा है। एक दुकान से केवल एक ही व्यक्ति की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके लिए कारोबारियों को अपना टिन नंबर साथ लेकर आना अनिवार्य है। शिविर में ईसीजी, शुगर और बीपी की जांच की होगी। यह जानकारी व्यापार मंडलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह और सचिव संजय ठाकुर ने दी है।
5. ऊर्जा कंवर के सिर सजा मिस चैल्सी का ताज
राजधानी के कान्वेंट आफ जीजस एंड मेरी चैल्सी स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा की छात्राओं ने बारहवीं कक्षा की छात्राओं के लिए विदाई समारोह करवाया। इसमें ऊर्जा कंवर को मिस फेयरवेल चैल्सी का ताज पहनाया गया। बारहवीं कक्षा की छात्रा आदिति फर्स्ट रनरअप और अपराजिता को सेकेंड रनअप चुना गया।
प्रधानाचार्य सिस्टर शायमा जोश ने बोर्ड परीक्षा में देने वाली स्कूल की सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए कामना की। उन्होंने छात्राओं से परीक्षा के लिए मन लगाकर पढ़ाई कर अच्छे अंक लाने और अपना अपने माता पिता और स्कूल का नाम रोशन करने का संदेश दिया। फेयरवेल में जूनियर छात्राओं ने रंग बिरंगे परिधानों में सजकर आई छात्राओं को पुष्प देकर स्वागत किया। स्कूल सभागार को फे यरवेल के लिए सजाया गया