कर्मचारी चयन आयोग ने मूल्यांकन परीक्षा के लिए 478 अभ्यर्थियों का चयन किया है। सचिव जितेंद्र कंवर ने कहा कि 13 से 16 दिसंबर 2021 तक पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा में भाग ले चुके अभ्यर्थियों को दोबारा से भाग लेने की आवश्यकता नहीं है।
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने पोस्ट कोड-829 में राज्य बिजली बोर्ड उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला में जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल के 156 पदों को भरने के लिए होने वाली मूल्यांकन परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की संशोधित सूची जारी की है। अब 21 मार्च 2022 को पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा होगी। आयोग ने इन पदों को भरने के लिए सितंबर 2020 में आवेदन मांगे थे। इसके लिए 9205 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 7725 आवेदन ही पात्र पाए गए।
विज्ञापन
इसके बाद आठ अगस्त 2021 को लिखित परीक्षा करवाई। इसमें 5566 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2159 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 13 से 16 दिसंबर 2021 तक पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा करवाई गई। इस बीच राज्य बिजली बोर्ड ने 156 पदों पर अनारक्षित और आरक्षित श्रेणियों को लेकर शुद्धिपत्र जारी कर दिया।
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड की तरफ से जारी किए गए संशोधित ब्रेकअप के कारण चयन आयोग ने लिखित परीक्षा का संशोधित परिणाम घोषित किया है। आयोग ने मूल्यांकन परीक्षा के लिए 478 अभ्यर्थियों का चयन किया है। आयोग के सचिव जितेंद्र कंवर ने कहा कि 13 से 16 दिसंबर 2021 तक पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा में भाग ले चुके अभ्यर्थियों को दोबारा से भाग लेने की आवश्यकता नहीं है।