स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स शिक्षकों के 118 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स शिक्षकों के 118 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड 26033 के तहत कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद यह परिणाम जारी किया गया है।
विज्ञापन
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती के लिए कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 128 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी। परीक्षा के आधार पर 106 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए चयनित किया गया था। 24 सितंबर को आयोजित दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के बाद कुल 82 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है।
पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 36 पद खाली रह गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग का एक, सामान्य ईडब्ल्यूएस के आठ, सामान्य स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक, ओबीसी के 10, ओबीसी बीपीएल के चार, एससी के सात, एससी बीपीएल के तीन, एससी स्वतंत्रता सेनानी परिजन का एक और एसटी वर्ग का एक पद शामिल है। सचिव ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित अंतिम परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।