हिमाचल के कॉलेजों और विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर नियुक्ति के लिए सेट वर्ष 2016 मई या जून में होगा। राज्य लोक सेवा आयोग की ओर से लिए जाने वाले सेट (स्टेट इलिजिबिलिटी टेस्ट) के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 17 दिसंबर है।
स्नातकोत्तर स्तर पर सामान्य श्रेणी में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थी ही सेट के लिए योग्य होंगे। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में पीएचडी धारक आवेदक, जिन्होंने 19 सितंबर 1991 तक पीजी स्तर की शिक्षा प्राप्त की है, उन्हें सेट परीक्षा के निर्धारित अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
जिन अभ्यर्थियों ने वर्ष 2009 के यूजीसी मानकों के अनुरूप पीएचडी पूरी की है, उन्हें विवि और कॉलेज स्तर पर सहायक प्रोफेसर नियुक्ति के दौरान नेट, सेट में बैठने की छूट मिलेगी। आयोग की ओर से निर्धारित 19 स्नातकोत्तर विषयों को परीक्षा में शामिल किया गया है।
ऐसे में अभ्यर्थी जिन्होंने निर्धारित विषयों के अतिरिक्त स्नातकोत्तर किया है, उन्हें यूजीसी संचालित सीएसआईआर नेट अथवा नेट की परीक्षा में आवेदन करना होगा। आचार्य विषय में स्नातकोत्तर (पारंपरिक संस्कृत) अभ्यर्थी संस्कृत विषय में सेट की परीक्षा देने के लिए योग्य नहीं होंगे।
आवेदकों को http://hpgov.in/hppsc/ लिंक पर आवेदन करना होगा। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में प्रश्नों के गलत उत्तर देने पर अभ्यर्थियों के परीक्षा में अंक नहीं काटे जाएंगे।
विकलांग एवं दृष्टिबाधित आवेदकों को सेट के प्रथम और द्वितीय भाग में अतिरिक्त 25 मिनट एवं तृतीय भाग में अतिरिक्त 50 मिनट दिए जाएंगे। सेट के दिन अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी किए गए ऑनलाइन प्रवेश पत्र के अतिरिक्त फोटो प्रमाण पत्र लाना भी अनिवार्य होगा।