बैठक में टी ट्वंटी क्रिकेट मैच के लिए करीब आधा दर्जन कमेटियों के गठन का निर्णय लिया। भारत में क्रिकेट सीरीज के पहले मैच का आगाज ही 15 सितंबर को धर्मशाला से होगा।
एचपीसीए के प्रेस सचिव मोहित सूद ने कहा कि क्रिकेट मैच के आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को बैठक का आयोजन किया है। इस बार मैच लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के तहत ही होगा।
मुफ्त का पास लेने वालों के लिए इस बार बुरी खबर है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते इस मैच में केवल 10 फीसदी (करीब दो हजार) कंप्लीमेंट्री पास ही एचपीसीए लोगों को दे सकेगी।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में साल 2017 के बाद अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं हुआ। मार्च, 2017 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ धर्मशाला में टेस्ट मैच खेला, जबकि 10 दिसंबर, 2017 को श्रीलंका के साथ भारत का एक दिवसीय मैच हुआ। मार्च 2015 में टी-20 वर्ल्ड कप के 10 मैचों के बाद यहां कोई टी-20 मैच नहीं हुआ।