स्कूल शिक्षा बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रो. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों से नकल पर निगरानी रहेगी। अगर किसी केंद्र में छात्र नकल करते पाए गए तो सेंटर ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
जिलों के स्कूलों पर निगरानी को उड़नदस्ते तैनात होंगे। इन उड़नदस्तों में बोर्ड के अधिकारियों को शामिल रखा जाएगा ताकि स्कूलों में दी जा रही शिक्षा पर नजर रखी जा सके।
प्रो. सुरेश सोनी सोमवार को ‘अमरउजाला’ से बातचीत में कहा कि बोर्ड पुराने स्कूली पाठ्यक्रमों में बीस फीसदी बदलाव करेगा। नए स्कूली पाठ्यक्रम में लक्ष्मी बाई, विवेकानंद जैसे विभूतियों की जीवनी शामिल होगी। छात्रों को स्कूल परिसर में बेहतर माहौल मिल सके।
इसके लिए नीट, क्लीन, ग्रीन और नशा मुक्त स्कूल परिसर बनाए जाएंगे। स्कूल परिसरों की साफ सफाई पर खास ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों की सफाई का ख्याल रखने और सफाई में सहयोग करने वाले विद्यार्थियों को समय-समय प्रिंसिपल पुरस्कृत करें, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।