स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने की पत्रकार वार्ता।
- फोटो : संवाद
प्रदेश भर में पढ़ने वाले हर बच्चे को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एप के माध्यम से मॉनिटर करेगा। बच्चों को उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें कोर्स और संबंधित क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगा। यह बात हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में एक प्रेसवार्ता के दौरान अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कही। इस दौरान उनके साथ बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा, डिप्टी सेक्रेटरी राजीव ठाकुर और बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सुनील शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता के दौरान अध्यक्ष ने बोर्ड मुख्यालय में छह दिन तक होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (समग्र प्रगति) और कंपीटेंसी बेस्ड (योग्यता आधारित) प्रश्नपत्रों को तैयार करने बारे एक कार्यशाला हुई है। इसमें जहां प्रदेश भर से 180 के करीब निजी और सरकारी स्कूलों के अध्यापकों ने हिस्सा लिया है। कार्यशाला में शिक्षकों को बच्चों के होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड बनाने बारे बताया गया है।
उन्होंने बताया कि इस प्रोग्रेस कार्ड में बच्चों की शैक्षणिक, मानसिक, सांस्कृतिक और फिजिकल आदि गतिविधियों को एक एप पर अपलोड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रदेश सरकार ने एक एप बनाई है, जिस पर बच्चे, शिक्षा और बच्चों के अध्यापक भी अपने-अपने बच्चे की गतिविधि को अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा कंपीटेंसी बेस्ड (योग्यता आधारित) प्रश्नपत्र तैयार करने को लेकर भी कार्यशाला में शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है।
उन्होंने बताया कि सितंबर में प्रश्नपत्र बैंक को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इस प्रश्नपत्र बैंक में कक्षा, विषय और अध्याय के आधार पर प्रश्नों को तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पहले इसे पायलट आधार पर चलाया जाएगा तथा अगले शैक्षणिक सत्र से इसे पूर्ण रूप से शुरू कर दिया जाएगा।