हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में इस बार सीसीटीवी कैमरे वीडियो के साथ ऑडियो की भी रिकॉर्डिंग करेंगे। परीक्षा हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों से पहली बार ऑडियो रिकॉर्ड करने की व्यवस्था की गई है।
पूर्व में हुईं परीक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे केवल वीडियो ही रिकॉर्ड करते थे, जबकि उसमें परीक्षा हॉल में होने वाली बातचीत रिकॉर्ड नहीं होती थी, लेकिन इस बार परीक्षाओं में बोर्ड ने वीडियो के साथ-साथ ऑडियो की भी रिकॉर्डिंग करने का फैसला लिया है, जिसके लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे बोर्ड ने परीक्षा के दौरान परीक्षा हॉल में लगाए गए हैं।
बोर्ड के इस फैसले से परीक्षा हॉल में होने वाली बातचीत को भी सुना जा सकेगा। इससे नकल के मामलों पर लगाम लगाई जा सकेगी। जानकारी के अनुसार चार मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड की दसवीं व जमा दो की परीक्षाओं के लिए प्रदेश में 2227 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1904 परीक्षा केंद्र सरकारी स्कूलों में स्थापित किए गए हैं, जबकि 120 परीक्षा केंद्र निजी स्कूलों में संचालित होंगे। इसके अलावा एसओएस की परीक्षा के लिए बोर्ड ने 203 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे इस बार वीडियो के साथ-साथ ऑडियो की रिकॉर्डिंग भी करेंगे, ताकि परीक्षा हाल में होने वाली गतिविधियों को देखने के साथ-साथ सुना भी जा सके।
- डॉ. सुरेश कुमार सोनी, अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा बोर्ड