शिमला-कालका ट्रेन में 10 जनवरी तक वेटिंग
शिमला-कालका एक्सप्रेस 52454 और 52458 में 10 जनवरी तक वेटिंग चल रही है। इस वीकेंड पर भी शहर के होटलों में 45 से 50 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो गए हैं। अधिकतर सैलानी क्रिसमस और बर्फबारी की आस में बड़ी संख्या में रुख कर रहे हैं। शुक्रवार शाम से ही सैलानियों के शिमला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। इन दिनों सबसे ज्यादा क्रेज कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर दौड़ने वाली छुक-छुक चलती ट्रेन का रहता है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उप अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शिमला में होने विंटर कार्निवल, क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
रोहतांग में ले सकेंगे व्हाइट क्रिसमस का आनंद
इधर, पर्यटक रोहतांग दर्रा में व्हाइट क्रिसमस का आनंद ले सकेंगे। रोहतांग दर्रा की वादियों में 28 दिसंबर तक बर्फ में मस्ती कर पाएंगे। जिला प्रशासन ने मनाली से रोहतांग दर्रा को फोर बाई फोर वाहनों की समय अवधि को दस दिन और बढ़ा दिया है। इसको लेकर उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने आदेश जारी किए हैं। आदेशानुसार गुलाबा से रोहतांग तक वाहनों की आवाजाही सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही मान्य होगी। सभी वाहन मढ़ी चेक पोस्ट से दोपहर 3:00 बजे से पहले वापसी सुनिश्चित करेंगे। पर्यटन कारोबारी गौतम ठाकुर, गजेंद्र ठाकुर व अनूप राम ने कहा कि फोर बाई फोर वाहनों के लिए रोहतांग दर्श के 28 दिसंबर तक खुले रहने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।