सीटीओ चौक पर गरजे भाजयुमो कार्यकर्ता, फूंका राहुल का पुतला
भाजपा युवा मोर्चा जिला शिमला और महासू ने नेशनल हेराल्ड अखबार को हिमाचल की जनता का पैसा विज्ञापन के रूप में लुटाने के खिलाफ सीटीओ चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका। पुलिस कर्मियों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। शिमला जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष हनीश चोपड़ा और युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कडशोली ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री नेशनल हेराल्ड को चंदा नहीं, बल्कि विज्ञापन के रूप में पैसा देते हैं। सवाल यह उठता है कि कांग्रेस सरकार ने आखिर यह विज्ञापन किस आधार पर दिए, जबकि अखबार छप ही नहीं रहा है। नेशनल हेराल्ड का नाम सामने आते ही कांग्रेस के पूरे तंत्र में घबराहट, बेचैनी और असहजता दिखाई देने लगती है, क्योंकि कांग्रेस के नेता चोरी करते हुए पकड़े गए हैं। हनीश ने कहा कि प्रदेश के लोगों की समस्याओं का समाधान सरकार का काम है, लेकिन सरकार मौज मस्ती में मस्त है। घोटाले में लिप्त एक कंपनी और अपनी पार्टी के अखबार को बचाने के लिए प्रदेश की संपत्ति खुलेआम लुटाई जा रही है। सुक्खू सरकार ने नेशनल हेराल्ड और नवजीवन को लगभग 2 करोड़ का विज्ञापन दिया है। जबकि यह दोनों अखबार हिमाचल प्रदेश में कहीं नहीं दिखते हैं, न ही कहीं बिकते हैं और न ही कोई इन्हें पढ़ता है। प्रदर्शन में इस प्रदर्शन में भाजयुमाे के केशव चौहान, राजीव पंडित, संजीव चौहान पिंकू, कमल सूद, संजीव कटवाल, कर्ण नंदा, राम ठाकुर, गणेश दत्त, कार्यालय सचिव सुरेश, पिंकी गोयल, पुनीता सूद, विजय परमार, मंडन शर्मा, रजनी सिंह, बिट्टू पाना, रमेश चौजर, श्याम शर्मा, रजत कोहली शामिल हुए ।