राज्य सचिवालय में बीते दिनों आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में बताया गया कि एप के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराई गई। इस प्रक्रिया के दौरान जब डाटा का मिलान किया गया तो 42,867 लाभार्थी मृत या अपात्र पाए गए। निदेशक (आईटी) ने बताया कि वर्ष 2016 से अब तक सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम पोर्टल से कुल 4,52,779 मृत्यु रिकॉर्ड प्राप्त किए गए हैं। इनमें से 1,35,473 रिकॉर्ड आधार संख्या से सीडेड पाए गए हैं।
सचिव वित्त ने निर्देश दिए कि इन सभी आधार-सीडेड रिकॉर्ड्स का ई-केवाईसी आधारित पेंशन डाटाबेस से तत्काल मिलान किया जाए और मृत लाभार्थियों को योजनाओं से हटाने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो। बैठक में यह भी बताया गया कि सीआरएस डाटा का सत्यापन करने के बाद 2,378 लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से हटा दिया है। ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य विभागों ने अभी और विवरण मांगे हैं।