बैंकों में नोट पहुंचाने को हिमाचल सरकार हेलीकॉप्टर सेवाएं देगी। सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा है कि जनजातीय क्षेत्रों में लोगों को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। बैंकों में सामान्य कारोबार तय करने को सुरक्षा और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को शिमला में कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 500 और 1000 रुपये की मुद्रा के प्रचलन को बंद करने के निर्णय से प्रदेश के लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसलिए राज्य सरकार प्रदेश के बैंकों में सामान्य कारोबार सुनिश्चित बनाने के लिए सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान कर रही है।
सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में स्थित बैंकों में पैसे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में पूरा सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यक हुआ तो इन क्षेत्रों में स्थित बैंकों में हेलीकॉप्टर सेवाएं देकर नोट पहुंचाए जाएंगे।
विज्ञापन
विपक्ष को रास नहीं आ रहा मोदी का फैसला : शांता
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद शांता कुमार ने 500 और 1000 के नोट को बंद करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले को साहसिक करार दिया है। कहा कि पीएम मोदी ने जो कदम उठाया है, उससे काला बाजारियों की सच्चाई जल्द सामने आएगी। देश का सारा विपक्ष जो कभी इकट्ठा नहीं हुआ था, वह अब काला धन समाप्त करने के सरकार के फैसले के खिलाफ हो रहा है।
विपक्ष को मोदी का यह फैसला रास नहीं आ रहा है। हकीकत है कि काले धन को खत्म करने की बात विपक्ष को रास नहीं आ रही है। वास्तव में इस निर्णय के बाद भ्रष्टाचार और काले धन की कड़वी सच्चाई बेनकाब हो रही है। कांग्रेस ने देश की राजनीति को काला कर दिया था, लेकिन मोदी सरकार ने उस राजनीति और अर्थनीति को सफेद करने के लिए एतिहासिक एवं साहसिक निर्णय लिया है।
लिहाजा, इस बड़े ऑपरेशन से कुछ दिनों के लिए पीड़ा तो होगी, लेकिन इस गंभीर रोग का यह ही इलाज था। देश के लिए लोगों को जल्द इससे बड़ी राहत मिलेगी। केंद्र सरकार गरीबों और किसानों के हित में हर कदम उठाए है। इसका लाभ किसानों को मिलना शुरू हुआ है, लेकिन काले धन के खिलाफ पीएम मोदी के उठाए कदम से हर तबके को राहत मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि नोटबंदी केंद्र सरकार का सराहनीय कदम है। इससे देश उन्नति की ओर अग्रसर होगा। लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन आने वाले दिनों में यह समस्या दूर हो जाएगी। इस फैसले से भारत चीन और अन्य देशों की अपेक्षा आर्थिक रूप से मजबूत होगा। काले धन की कालाबाजारी भी रुकेगी। पुलिस मैदान धर्मशाला में 49वीं प्रदेश पुलिस सेवा खेल एवं एथलेटिक मीट के शुभारंभ पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मीडिया के प्रश्न के जवाब में यह बात कही।
राजभवन में लंबित टीसीपी विधेयक के प्रश्न को राज्यपाल ने यह कहकर टाल दिया कि इस पर बाद में चर्चा करेंगे। उन्होंने ड्रग माफिया पर कहा कि नशा हमारे युवाओं के जीवन को अंधकारमय बना रहा है। कहा कि पुलिस के साथ लोगों को भी नशे से लड़ने के लिए अभियान चलाने की जरूरत है। इससे देवभूमि हिमाचल नशे से मुक्त हो सकेगी।
राज्यपाल ने कहा कि खेलों से मिलजुल कर रहने की प्रेरणा मिलती है। खेलें तनाव को भी खत्म करती हैं। पुलिस जवानों का जीवन दूसरों की परेशानियों को हल करने में व्यतीत होता है। पहले पुलिस स्पोर्ट्स मीट नहीं करवाया जा रहा था, मगर महानिदेशक डीजीपी संजय कुमार ने इन खेलों को दोबारा से शुरू करवाया। तीन दिवसीय पुलिस स्पोर्ट्स मीट में करीब 1000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
राज्यपाल ने फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। समिति के आयोजक सचिव जीडी भार्गव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। पुलिस दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा नशे पर एक लघु नाटक पेश किया। इस दौरान पुलिस विभाग के महानिरीक्षक, वरिष्ठ अधिकारी, प्रबंधक, आयोजन समिति के ज्यूरी सदस्य भी उपस्थित रहे।