बिलासपुर में कांग्रेस सरकार ने मनाया दो साल का जश्न
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में राज्य की कांग्रेस सरकार ने दो साल का जश्न मनाया। समारोह स्थल में बिलासपुर के बड़े नेता और पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने कहा कि वह हिमाचल के मुख्यमंत्री के धन्यवादी हैं कि उन्होंने बिलासपुर को दो साल की वर्षगांठ को मनाने के लिए चुना। प्रदेश में चाहे फल उत्पादन हो या दुग्ध उत्पादन हो, न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का लाभ हुआ है। कठिन परिस्थितियां जरूर हैं। हमारे कुछ साथी राजनीतिक रूप से बेशक भिन्न हो, वे कोई कसर प्रदर्शनों से नहीं छोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने गारंटियों को लागू किया है। सरकार में बैठे सभी साथियों को मुबारक देते हैं कि दिल्ली का रुख उल्टा चला होने के बावजूद हिमाचल को आगे बढ़ाया है। रामलाल ने कहा कि यहां पर चाहे क्रिकेट स्टेडियम हो या कोई अन्य कार्य हो, ये सब कार्य उस वक्त हुए जब कांग्रेस सरकार थी।
रामलाल ने भाखड़ा बांध विस्थापितों के मामले को उठाते हुए कहा कि आज भी बिलासपुर के विस्थापित लोगों की समस्याओं पर ध्यान किया जाए। जहां कार्यक्रम हो रहा है, यह बीबीएमबी की जगह है। जहां सब बैठे हैं, यहां पर पानी होता था। हमने कॉम्प्लेक्स तो बना लिया, यहां का मालिक बीबीएमबी है। यह जगह हमारे कब्जे में है। हाईकमान भी सरकार को कहे कि यह जमीन सरकार के पास आए। बीबीएमबी ने इसे प्रदेश के बच्चों को दिया है। पर इसकी सारी एंट्री राज्य सरकार के नाम होनी चाहिए। उन्होंने एचपीसीए पर सरकारी जमीन कब्जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने रामलाल ठाकुर ने कहा कि जिन लोगों ने चार-चार बार पार्टी छोड़ी, उनसे दूरियां बनाएं। अभी संगठन को गठित किया जाना है। जिन्होंने जगत प्रकाश नड्डा के साथ भाजपा जॉइन की, वे आज सरकार में सुख भोगना चाह रहे हैं। उनसे सचेत रहने की जरूरत है। तभी पार्टी के कार्यकर्ताओं से धोखा नहीं होगा। कांग्रेस ने जो वायदे किए हैं, वे भी तभी पूरे किए जा सकेंगे।
पिछले दो वर्ष काफी उतार-चढ़ाव के रहे: चंद्र कुमार
कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्ष काफी उतार-चढ़ाव के रहे हैं। भाजपा के दिल्ली और प्रदेश के प्रतिनिधित्व ने लोकतंत्र में चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया, पर प्रदेश के लोगों ने उन्हें सबक सिखाया। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में सरकार गिराने के प्रयास की तरह हिमाचल में भी सरकार गिराने का प्रयास किया गया। लेकिन हिमाचल के लोगों ने उपचुनाव में करारा जवाब दिया। केंद्र सरकार का रवैया हिमाचल के साथ सही नहीं है। वह यहां की जनता को पूछना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते थे कि हिमाचल उनका अपना घर है। सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हैं। यहां से लगातार अनुराग ठाकुर को चुना जाता रहा है। पर हिमाचल के लिए क्या किया। मोदी का भाषण मंडी में सुना था। वे बड़ी-बड़ी बातें करते थे। आपदा में एक भी पैसा हिमाचल को नहीं दिया। ऐसा भेदभाव कभी नहीं हुआ। चंद्र कुमार ने कहा कि हमने तमाम विकट परिस्थितियों में गरीब के आंसू पोंछे हैं। आज सड़कों में कोई नौजवान नहीं दौड़ते हैं। अब सड़कों पर कुत्ते मिलते हैं। सेना में भर्ती नहीं हो रही है। केंद्र सरकार कोई रोजगार नहीं दे रही है। चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सस्ता सिलिंडर दिया। आज देश की क्या हालत है। बेरोजगारी की बात नहीं होती। आज हिंदू-मुसलमान की बात की जाती है। चंद्र कुमार ने कहा कि हमारे लोग आज विदेशों में नौकरियों के लिए भीख मांग रहे हैं। जब पहली बार एमपी बना तो एक डॉलर 37 रुपये का था, आज 84 रुपये हो गया है। आज रुपया लगातार गिर रहा है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने ये कहा
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने हिमाचल के जननायक और लोकप्रिय मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कहकर अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की इस धरती पर कोने-कोने से आए लोगों का वह स्वागत करते हैं। बिलासपुर में गोविंदसागर झील में वाटर सपोर्ट्स शुरू किया गया है। जब यहां की रेललाइन बन जाएगी तो यहां और भी विकास होगा। यह हिंदुस्तान की अकेली रेल परियोजना है, जिसका 1300 करोड़ रुपये का खर्च खुद यह सरकार उठा रही है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुर्सी संभालने से पहले ही समाज के उस वर्ग का ध्यान रखने की बात की, जिसकी ओर किसी का ध्यान नहीं जाता है। हिमाचल के भाजपा नेताओं ने हिमाचल को बदनाम करने का अभियान छेड़ दिया है। जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया गया। भाजपा के कुछ नेताओं ने दलाली करके विधायकों को खरीदने का प्रयास किया। जनता ने विधायकों की संख्या को दोबारा 40 पहुंचा दिया। पहली बार हिमाचल में ऑपरेशन लोटस चलाया गया। सभी विधायक एकजुट है। मांगों की बात करें तो हमने भाखड़ा बांध विस्थापितों समेत कई मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाया है।
प्रतिभा सिंह ने ये कहा
मंच से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कहा कि हम तहेदिल से धन्यवाद करते हैं कि सुख और दुख की घड़ी में राजीव शुक्ला ने भरपूर साथ दिया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इन्होंने यहां आकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया है। प्रतिभा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गरीब लोगों, अनाथ बच्चों को सहारा देने की बात की है। इस दिशा में बहुत बेहतरीन काम किए। पार्टी के अध्यक्ष खरगे का भी हमेशा आर्शीवाद रहा। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी का भी हमेशा आर्शीवाद रहा। सरकार ने जो काम किए हैं, उसके बारे में परिचित हैं। भाजपा के लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। यह सही नहीं है। ये रैलियां निकाल रहे हैं। जब वह दिल्ली में सांसद थीं तो भाजपा के सांसदों से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री से आपदा में मदद की बात करते हैं। किसी ने भी एक नहीं सुनी। वह खुद प्रधानमंत्री से मिलीं और उन्हें याद करवाया कि वह हिमाचल को दूसरा घर कहते हैं। पर बड़े अफसोस की बात है कि प्रदेश की कोई मदद नहीं की गई। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आपदा से जूझते हुए प्रदेश में विकास कार्यों की गति की रफ्तार रुकी। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है। देवी-देवताओं का मानने वाले हैं। डॉ. यशवंत सिंह परमार ने यह राज्य बनाया। इसे आगे बढ़ाने का योगदान वीरभद्र सिंह का रहा। उन्होंने जीवन के 65 साल हिमाचल की सेवा में लगाए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की सरकार को पटरी पर लाने का काम सीएम, डिप्टी सीएम और मंत्रियों ने किया।
प्रभारी राजीव शुक्ला ने ये कहा
प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल वालों ने ऐसा तमाचा मारा कि भाजपा के लोग सरकार को अस्थिर कर रहे हैं। गलत आरोप लगाना इनकी फितरत में है। ये सोचते हैं कि एक झूठ को 100 बार बोलो तो कुछ लोग सच मान लेंगे। बांग्लादेश देश में हिंदुओं की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं। जब कांग्रेस की सरकार की तो बांग्लादेश में एक भी हिंदू पर आंच नहीं आई। ये लोग झूठ बोल रहे हैं। अटल जी और आडवाणी की तो ऐसी सोच ही नहीं थी। जब योजना मंत्री था तो मोदी भी योजनाओं को मंजूर करवाने आते थे। कहते थे कि केंद्र राज्यों को मदद नहीं कर रहे हैं। जबकि मनमोहन सरकार ऐसा नहीं करती थी। अब जब प्रधानमंत्री बन गए तो पुरानी बातें भूल गए हैं। विपक्ष की सभी सरकारों की मदद नहीं की जा रही है। इनकी नीयत में खोट है। ये चाहते हैं कि रावण की तरह सब जगह अपना शासन चाहते हैं। हम धीरे-धीरे सब वायदों को पूरा करेंगे।