हिमाचल के कॉलेजों और स्कूलों में तैनात पीटीए शिक्षकों को शीघ्र बढ़े हुए मानदेय का तोहफा मिल सकता है। जो पीटीए शिक्षक अभी तक अनुबंध में नहीं आए हैं, उनके मानदेय को अनुबंध शिक्षकों के मानदेय के 95 फीसदी तक देने की मांग को पूरा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरा करने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को पीटीए अनुबंध शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से विधानसभा परिसर में मुलाकात कर यह मांग रखी। यदि सरकार अनुबंध पर नहीं आए पीटीए शिक्षकों का मानदेय 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 95 फीसदी कर देती है तो इससे शिक्षकों को 2600 से लेकर 4320 रुपये तक फायदा होगा। कॉलेज में तैनात पीटीए शिक्षकों को अभी 16200 रुपये मानदेय मिलता है।
अब इतना हो सकता है मानदेय
यह बढ़ने पर करीब 20520 रुपये हो जाएगा। अभी स्कूलों में लेक्चरर को 10875, टीजीटी को 10525 और सीएंडवी को 10125 रुपये मेहनताना मिल रहा है। यदि मानदेय में इजाफा होता है तो स्कूल के पीटीए शिक्षकों के मानदेय में 2600 से लेकर 2800 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
अनुबंध पीटीए शिक्षक संघ के अध्यक्ष विवेक मेहता ने कहा कि मानदेय बढ़ाने के आश्वासन के बाद से शिक्षकों में एक आस जगी है। यदि ऐसा होता है तो कॉलेज और स्कूल के 1500 से अधिक शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा संघ ने मुख्यमंत्री से हटाए शिक्षकों की बहाली सहित कई मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष दया दत्ता, विजय पंत, राजीव राठौर, रवि कुमार, सुनील कुमार और विद्या चौहान सहित कई शिक्षक शामिल हुए।