हमीरपुर से भाजपा सांसद और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। उनके खिलाफ हिमाचल सरकार ने एचपीसीए पर तीसरा मुकदमा चलाने को मंजूरी दे दी है। ऐसे में अनुराग को के खिलाफ जल्द ही कोई बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के लिए सरकारी भवन गिराने के इस केस में अनुराग समेत एक दर्जन आरोपी हैं। सरकार ने इस मामले में विजिलेंस को जल्द कोर्ट में चालान पेश करने को कहा है। अब कभी भी कोर्ट में चार्जशीट पेश की जा सकती है। इस मामले की जांच विजिलेंस कर रही है।
एचपीसीए के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में पहले ही विजिलेंस कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है। यह तीसरा मामला स्टेडियम के लिए शिक्षा विभाग के भवन को गिराने से संबंधित है।
इनके खिलाफ भी मिली मंजूरी
इस मामले में सरकार आईएएस अधिकारी केके पंत और पीसी धीमान के खिलाफ अभियोजन मंजूरी पहले ही दे चुकी है। पूर्व शिक्षा निदेशक ओपी शर्मा, पीडब्ल्यूडी इंजीनियर महेंद्र कटोच, देवी चंद चौहान के अलावा एचपीसीए पदाधिकारियों में अनुराग ठाकुर, संजय शर्मा, अतर सिंह नेगी, गौतम ठाकुर, धर्मशाला कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य नरेंद्र अवस्थी, ललित मोहन शर्मा को इसमें आरोपी बनाया गया है।
इन पर नियमों के विपरीत सरकारी भवन गिराने का आरोप है। विजिलेंस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पृथ्वी राज ने सरकार से अभियोजन मंजूरी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले में जल्द चालान पेश किया जाएगा।