हिमाचल सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार को राज्य सचिवालय में होगी। बैठक में शिक्षा विभाग में 300 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पदों पर भर्ती के अलावा वन विभाग में करीब साढ़े तीन सौ मल्टीपर्पज वर्करों की भर्ती के लिए मंत्रिमंडल हरी झंडी दे सकता है।
इसके अलावा ट्रांसपोर्ट, हेल्थ, ऊर्जा, शिक्षा व आईपीएच विभाग में नई भर्तियों को भी अनुमति मिल सकती है। मंत्रिमंडल चीनी व कपड़ों के अलावा लोहे और बागवानी के लिए उपयोग में लाए जाने वाले नेट पर लगने वाले वैट को भी कम करने का निर्णय ले सकता है।
शिक्षा विभाग में लंबित छात्रवृत्ति के मामले में भी चर्चा होने की संभावना है। सरसों के तेल का रेट फिक्स करने और कंप्यूटर शिक्षकों के लिए पॉलिसी पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा गृह विभाग में पुलिस चौकियों को अधीनस्थ पुलिस थाने बनाने की फाइल पर मंत्रिमंडल मंजूरी दे सकता है।