वन विभाग में वनरक्षक की भर्ती प्रक्रिया में बड़ा फेरबदल हुआ है। इस बार शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंक नहीं जुड़ेंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा को इस बार से महज क्वालीफाई के तौर पर रखा गया है। अभ्यर्थियों का चयन केवल लिखित परीक्षा और साक्षात्कार की मेरिट के आधार पर होगा।
इससे पहले ग्राउंड टेस्ट के अंकों को चयन के दौरान मेरिट में जोड़ा जाता था, लेकिन इस बार इस सालों से चली आ रही इस प्रक्रिया को बदल दिया गया है। वन विभाग हमीरपुर इस बार फॉरेस्ट गार्ड के 11 पदों को भरने जा रहा है। प्रदेश के बाकी जिलों में भी आवेदन लिए जा रहे हैं।
विभाग ने योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों से 24 अगस्त तक आवेदन मांगे हैं। 17 सितंबर को विभाग के पास पहुंचे आवेदनों की छंटनी होगी। इन पदों पर भर्ती के लिए एक से 15 अक्तूबर तक हमीरपुर में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी।