पति की राजनीति व परिवार के लिए कमलेश ने छोड़ी थी सरकारी नौकरी
विधानसभा क्षेत्र नादौन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर राजनीतिक दृष्टि से पिछले कई सालों से सक्रिय है। चंडीगढ़ में उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाली कमलेश ने पति की राजनीतिक व्यस्तताओं और परिवार के लिए सरकारी नौकरी छोड़ दी थी। कमलेश हरियाणा सरकार में चंडीगढ़ में नौकरी करती थीं।
साल 1998 में कमलेश की शादी सुखविंद्र सिंह सुक्खू से हुई थी। उस वक्त सुक्खू युवा कांग्रेस में प्रदेश पदाधिकारी थे। सुक्खू के विधायक बनने के बाद परिवार और बेटियों के पालन पोषण के साथ ही कमलेश राजनीति में सक्रिय होने लगीं। सुक्खू को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलने के बाद से वह नादौन विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हुईं। सुक्खू के मुख्यमंत्री बनते ही नादौन का जिम्मा उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान संभाला। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं भी कीं। अब देहरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी टिकट मिलने के बाद वह चुनावी राजनीति में उतरी हैं। इससे पूर्व लोकसभा चुनाव में हमीरपुर सीट से उनका नाम पार्टी टिकट के लिए चर्चा में था।