नौंवी से जमा दो कक्षा तक के सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिलने वाली सभी प्रकार की छात्रवृत्ति के फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। विभाग ने साइट खोल दी है। स्कूली बच्चे गूगल में जाकर एचपीई पास साइट खोलकर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। इस अवधि तक सभी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके बाद साइट बंद कर दी जाएगी। शिक्षा विभाग के सीनियर असिस्टेंट राकेश ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2014-15 के लिए स्कॉलरशिप फार्म ऑनलाइन भरे जाएंगे। इसके लिए सभी स्कूलों के मुख्य अध्यापक व प्रधानाचार्यों को अवगत करवा दिया गया है।
विभाग ने 19 अगस्त से खोली वेबसाइट
इसके अलावा जिला के 15 कलस्टर के बीपीओ को भी शिक्षा विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ स्कूलों के मुखियाओं से तय अवधि तक बच्चों के स्कॉलरशि फार्म भरवाना सुनिश्चित करवाएं।
उन्होंने बताया कि विभाग ने 19 अगस्त से साइट खोल दी है। उधर, उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि सभी स्कूल मुखिया 30 सितंबर तक अपने-अपने स्कूलों के नौंवी कक्षा से लेकर जमा दो कक्षा तक के पात्र विद्यार्थियों के स्कॉलरशिप फार्म भरना सुनिश्चित करें।
तय अवधि तक फार्म नहीं भरे जाते हैं और कोई बच्चा स्कॉलरशिप से वंचित रह जाता है, तो संबंधित स्कूल के मुखिया के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा संबंधित कलस्टर के बीपीओ से भी जवाब तलब होगा।
इन छात्रवृत्तियों के लिए मांगे आवेदन
सरकार की ओर से नौंवी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को प्री मैट्रिक एससी, एसटी स्कीम के तहत संबंधित वर्ग के छात्रों को दो हजार 250 रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है।
इसके अलावा प्री मैट्रिक ओबीसी स्कीम के तहत ओबीसी छात्रों को 1000 रुपये, इंसेंटिव टू गर्ल्स स्कीम के तहत नौंवी कक्षा की एससी व एसटी वर्ग की छात्राओं को तीन हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए छात्रा की आयु 16 वर्ष से कम होनी चाहिए।
इसके अलावा पोस्ट मैट्रिक स्कीम के तहत एससी, एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को 2760 और पोस्ट मैट्रिक ओबीसी स्कीम के तहत संबंधित वर्ग के विद्यार्थियों को 1920 रुपये प्रदान किए जाते हैं। यही नहीं डा. भीमराव अंबेडकर, स्वामी विवेकानंद, टीएस नेगी, आईआरडीपी व महर्षि बाल्मीकि छात्रवृत्ति भी शुरू की गई है।