हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो ओपन परीक्षा का फार्म न भर सकने वाले युवाओं को बोर्ड ने अंतिम अवसर दिया है। बोर्ड ने 30 नवंबर को समाप्त हुई अंतिम तिथि को अब 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। ओपन परीक्षा को लेकर प्रदेश भर से बोर्ड को प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं। इसके बाद बोर्ड ने जमा दो की ओपन परीक्षा में बैठने की अंतिम तिथि को एक माह के लिए बढ़ाया है।
बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा के लिए आवेदन को यह अंतिम अवसर दिया जा रहा है। दिसंबर 31 के बाद दोबारा फार्म भरने को तिथि में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि बोर्ड की ओर से यह बदलाव चौथी दफा किया जा चुका है। बोर्ड सितंबर, अक्तूबर, नवंबर व दिसंबर में फार्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ा चुका है।
बोर्ड अधिकारी अंजू पाठक ने कहा कि प्रदेश भर से मिले प्रार्थना पत्र के बाद बोर्ड प्रबंधन की ओर से जमा दो ओपन परीक्षा फार्म भरने को अंतिम बार तिथि को बढ़ाया गया है। अब 31 दिसंबर तक परीक्षा में बैठने के लिए आवेदन किया जा सकेगा। उधर, परीक्षा फार्म न भर पाने वाले युवा गरिमा, मलकीत, कुलवंत सिंह व सुरेंद्र ने बोर्ड के इस कदम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तिथि के 31 दिसंबर तक होने से उनका एक साल बर्बाद होने से बचा है।