हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित 12वीं कक्षा के परिणाम में स्नोर वैली पब्लिक स्कूल बजौरा की छात्रा छाया चौहान ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। छाया इंजीनियर बनना चाहती हैं। इसके लिए वह बीटेक की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के लिए उन्होंने किसी तरह की अलग से पढ़ाई नहीं की है।
विद्यालय में ही सहपाठियों के साथ पढ़कर यह उपलब्धि हासिल की। कहा कि उनके लिए शिक्षकों और अभिभावकों का सहयोग प्रेरणादायक रहा है। छाया के पिता पाल सिंह एक किसान हैं और माता शाऊणी देवी आगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। मंडी जिले के थाची की रहने वाली छाया चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व स्कूल अध्यापकों को दिया है।