नेता प्रतिपक्ष मुकेश ने कहा कि सरकार लंगड़ी है। तीन विकेट गिर चुके हैं और एक जल्द ही गिरने वाला है। दिल के टुकड़े हजार, कोई यहां गिरा तो कोई वहां गिरा।
गंजों के बीच बेच रहे कंघी
भाषण में चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष की ओर इशारा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की यह हालत है कि गंजों के बीच में कंघी बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह मुख्यमंत्री की भूमिका में हैं। इसलिए आंखें दिखा रहे हैं। उनका ब्लड प्रेशर हाई हो रहा है।
अगर मेरे दस्तावेज गलत हैं, तो दूंगा इस्तीफा
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री जब सरकार पर आरोप लगा रहे थे तो उन्होंने कहा कि अगर मेरे दस्तावेज गलत हैं तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं। अगर सही हैं तो महेंद्र सिंह इस्तीफा दें।
उड़ता हिमाचल और ठेके और रेस्तरां रात को दो बजे तक खुले रखने के मामले में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक हुई। कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहा कि हिमाचल में नशे का खूब कारोबार फलफूल रहा है। प्रदेश ‘उड़ता हिमाचल’ बन रहा है। शराब सस्ती की जा रही है। ठेके और रेस्तरां रात को दो बजे तक खुले रहेंगे।
यही नहीं, विक्रमादित्य ने तंज किया कि भाजपा के एक नेता तो यहां तक कहते हैं कि जबसे जयराम मुख्यमंत्री बने हैं, तब से अच्छी बर्फबारी हो रही है। जबकि बागवानों को सेब का पैसा नहीं मिल रहा। सड़कों की हालत दयनीय है। सड़कों की प्राथमिकताओं की डीपीआर तक नहीं बन रही है। उड़ान -1 और 2 प्रोजेक्ट फेल हो चुके हैं। चप्पल पहनकर हवाई यात्रा की बात भी सपना ही बनकर रह गई है।
विधायक राकेश पठानिया और कमलेश कुमार ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा में भाग लेते हुए सरकार की तारीफों के पुल बांधे। पठानिया ने कहा कि विपक्ष के पास कोई विषय नहीं है जिस पर वह बात कर सके। 70 साल उम्र के बुजुर्गों को पेंशन सुविधा दी। हिमाचल में हिमकेयर योजना शुरू की। आईजीएमसी में किडनी ट्रांसप्लांट, सहारा योजना आदि योजनाएं गिनाकर मुख्यमंत्री की तारीफ की। इसके साथ ही कमलेश कुमार ने गृहिणी सुविधा योजना, विवाह के लिए राशि का प्रावधान, पंचायत स्तर पर विकास कार्य का श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दिया। विधायक विक्रम जरियाल ने भी सरकार की तारीफों के पुल बांधे।
सरकार को चला रही अफसरशाही : राणा
राणा ने कहा कि सड़कों की हालत दयनीय है। सरकार को अफसरशाही चला रही है। स्कूल बैग तीन दिन में फट गए। स्कूली वर्दी खराब गुणवत्ता की दी जा रही है। उनकी ओर से सरकार पर लगाए गए आरोप-प्रत्यारोप पर तकरार होती रही। कांग्रेस विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने भी राज्यपाल के अभिभाषण में भाग लेते हुए सरकार पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।