बल्क ड्रग फार्मा पार्क की कंपनियों से 10 साल बाद लेंगे बिजली, पानी का मार्केट रेट : चौहान
प्रदेश के ऊना जिले के हरोली में प्रस्तावित बल्क ड्रग फार्मा पार्क की कंपनियों से दस साल बाद बिजली और पानी का मार्केट रेट लिया जाएगा। शुरूआत में सरकार तय शर्तों के आधार पर कंपनियों को जमीन, बिजली और पानी देगी। प्रश्नकाल के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि 31 मार्च 2026 तक पार्क का निर्माण पूरा किया जाएगा। इसके लिए सरकार 1,000 करोड़ रुपये देगी। 50 करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई है। विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल के जवाब में उद्योग मंत्री ने यह जानकारी दी। इस सवाल पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में खूब नोकझोंक हुई। इस दौरान सीएम सुक्खू ने कहा कि पूर्व सरकार ने राजनीतिक कारणों से कई फैसले लिए। अब कांग्रेस सरकार भारी मन से कार्यों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने मेडिकल डिवाइस पार्क के निर्माण काे केंद्र सरकार से मिले 30 करोड रुपये भी वापस करने का ऐलान किया। कहा कि बल्क ड्रग फार्मा पार्क को हासिल करने के लिए कई कुछ मुफ्त में देने की घोषणाएं हुई।
लूहरी, सुन्नी व धौलासिद्ध बिजली परियोजना को भी ऐसे ही दिया गया। उद्योग मंत्री ने बताया कि सरकार पार्क के प्रोजेक्ट के लिए गंभीर है। केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य 31 मार्च 2026 को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अक्तूबर से मार्च तक बिजली की कमी होती है और सरकार तब 7 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीदती है। बावजूद सरकार निवेशकों को शर्तों के अनुसार 3 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली देगी। इसके अलावा स्टोर और वेयर हाउस फ्री में उपलब्ध करवाएगी। उद्योग मंत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इस प्रोजेक्ट के बनने से प्रदेश में 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने साल 2023 में मुंबई में 2,165 करोड़ रुपये और दुबई में 2,645 करोड़ रुपये के एमओयू किए हैं। जिन कंपनियों के साथ एमओयू साइन किया गया है। वह नामी कंपनियां हैं।
जयराम ने केंद्रीय नेताओं को ना बुलाने पर जताई आपत्ति
इस दौरान नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने पार्क के प्रशासनिक ब्लॉक के शिलान्यास में किसी भी केंद्रीय नेता को नहीं बुलाने को लेकर आपत्ति जताई। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की देन है। शिलान्यास को लेकर ना तो केंद्र सरकार को सूचना दी गई और ना ही किसी को बुलाया गया। जवाब में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रोजेक्ट का शिलान्यास पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं। अब प्रोजेक्ट के छोटे-छोटे ब्लॉक सरकार अपने बजट से तैयार करने लगी है, ऐसे में केंद्र से किसी को बुलाना जरूरी नहीं है।
कांग्रेस नेता के घर की सड़क बनाने पर खर्च दिए 2.15 करोड़ : बलवीर
चौपाल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बलवीर वर्मा ने बुधवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान लोक निर्माण विभाग पर एक कांग्रेस नेता के घर की सड़क बनाने के लिए 2.15 करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाया। बलवीर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से उनके क्षेत्र में एक नेता के घर तक सड़क बनाने के लिए तीन बार विभाग ने मंजूरी दी। अनुसूचित जाति के लिए आने वाले बजट को भी इस काम पर खर्च किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी के घर को दोनों साइड से सड़क बनाई गई है। जवाब में लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके ध्यान में अभी यह मामला आया है। इसे देखा जाएगा।