प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि देश के हर वर्ग के लोगों के मन में सरकार का डर समा चुका है। हिमाचल में कांग्रेस संगठन को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी कार्यकारिणी भंग करने के बाद अब हाईकमान की नजर उन निष्ठावान चेहरों पर टिकी हुई है। जो बिना की पद की लालसा के अब तक पार्टी का काम करते आए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर सवालों के जवाब सरकार को देने चाहिए, उनसे सरकार बच रही है। महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। अर्थव्यवस्था का दिवाला निकल गया है। बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है तथा प्याज कादाम सौ रुपये किलो हो गया है। संसद में बहुमत मिलने के बाद भी ऐसी कौन सी शक्तियां हैं, जो सरकार को काम करने से रोक रही हैं।
विरोध करने वालों पर सरकार ईडी, सीबीआई से केस क्यों बना रही है। सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी ही होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे ही हालातों से हिमाचल सरकार भी गुजर रही है। फर्क सिर्फ यही है कि प्रदेश की भाजपा सरकार को दो साल में यही पता नहीं चला है कि कैसे काम किया जाए। प्रदेश सरकार केवल सत्ता के मजे लूट रही है।