लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी जांच कमेटी में शामिल, मौके पर शुरू की जांच
विज्ञापन
भट्ठाकुफर में धंसी सड़क का शुरू होगा मरम्मत कार्य अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के भट्ठाकुफर में सड़क धंसने के मामले में सरकार ने दस दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए सरकार ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित की है। सड़क का मरम्मत कार्य भी शुरू किया जा रहा है।
इसमें लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता और एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी को शामिल किया है। कमेटी को अचानक सड़क धंसने के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। कमेटी ने मौके पर जाकर सड़क धंसने की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि इस क्षेत्र के नीचे बन रही फोरलेन टनल के निर्माण से यहां जमीन धंस रही है। लोगों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने मौके पर टनल का काम भी बंद करवा दिया है। जिला प्रशासन ने भू विज्ञानी को भी जमीन धंसने के कारणों का पता लगाने का जिम्मा सौंपा है। भूविज्ञानी ने सोमवार को मौके पर जाकर मिट्टी के सैंपल भी लिए हैं। हालांकि, मंगलवार शाम तक इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को नहीं सौंपी है। सरकार की ओर से गठित दो सदस्यीय टीम अगले हफ्ते तक अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर देगी। इसके बाद क्षेत्र में हो रहे फोरलेन निर्माण को लेकर सरकार नए निर्देश जारी कर सकती है।
मौके पर जाने से डर रहे एनएचएआई के अधिकारी
भट्ठाकुफर में धंसी सड़क का मरम्मत कार्य करवाने के लिए एनएचएआई के अधिकारी अब मौके पर जाने से डर रहे हैं। एनएचएआई ने काम शुरू करने से पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को साथ चलने को कहा है। अब बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ एनएचएआई के अधिकारी मौके पर जाएंगे और मरम्मत कार्य शुरू करेंगे। एनएचएआई के अधिकारी डरे हुए हैं कि कहीं स्थानीय लोग फिर से उग्र न हो जाएं। भट्ठाकुफर में 30 जून को पांच मंजिला भवन ढह गया था। उस दौरान मौके पर पहुंचे एनएचएआई के कुछ अधिकारियों के साथ गुस्साए लोगों ने मारपीट कर दी थी। इसके बाद से एनएचएआई के अधिकारी अकेले मौके पर नहीं जा रहे। लोक निर्माण विभाग के एनएच डिवीजन ने एनएचएआई को मौके पर सड़क की मरम्मत करने को कहा है। एनएचएआई इस काम के लिए तैयार है लेकिन विभाग के अधिकारियों को भी साथ चलने को कहा है।