तीन महीनों में खातों में आ जाएगा मकान के लिए पैसा संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पगोग पंचायत ने पात्र 14 गरीब परिवारों के लिए शेल्फ पारित किए हैं। पंचायत का दावा है कि तीन महीनों के भीतर यह राशि परिवारों के सदस्यों के खातों में आएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही एक प्रमुख कल्याणकारी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पक्के घर का निर्माण गरीब तबके के लोग आसानी से करवा सकें, इसके लिए आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि इससे कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास मिल सके। इसमें बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं शामिल रहती हैं। पंचायत पगोग में रहने वाले 14 गरीब परिवारों को पिछले काफी समय से इस राशि को उपलब्ध करवाने की मांग उठ रही थी। पंचायत प्रधान कांशीराम ने बताया कि करीब दो से तीन महीनों के भीतर यह राशि इन परिवारों के खातों में आ जाएगी। धनराशि आने के बाद वह अपने आवास को लेकर निर्माण का कार्य शुरू कर पाएंगे।