एचपीएमसी ने एमआईएस के तहत वर्ष 2021 तक खरीदे गए सेब की बकाया राशि का नगद भुगतान करना आरंभ कर दिया है। बागवानों को अभी वर्ष 2022 की बकाया राशि के लिए इंतजार करना पड़ेगा। एचपीएमसी ने अपने सभी केंद्रों पर वर्ष 2021 तक की बकाया राशि का भुगतान करना आरंभ कर दिया है।
हालांकि बहुत से बागवान बकाया राशि के रूप में एचपीएमसी केंद्रों से बागवानी उपकरण, खाद और दवाइयां ले जा चुके हैं। मगर एचपीएमसी के पास अभी भी बागवानों को लाखों रुपये की बकाया हैं। एचपीएमसी हर वर्ष सेब सीजन में एमआईएस के तहत बागवानों से सी-ग्रेड सेब 9.50 रुपये प्रति किलो खरीदता है। बीते वर्ष 2022 में भी एचपीएमसी ने लाखों रुपये का सेब खरीदा था, जिसकी राशि के लिए बागवानों को अभी इंतजार करना पड़ेगा।
एचपीएमसी गुम्मा शाखा के प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 तक खरीदे गए सेब की बकाया राशि का भुगतान करना आरंभ कर दिया है। एचपीएमसी के सभी केंद्रों पर बागवानों को नगद भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में खरीदे गए सेब की राशि का भुगतान अभी नहीं किया जाएगा।