7 महीने के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक से होते हुए हॉलीडे स्पेशल ट्रेन शिमला पहुंचेगी। पैसेंजर ट्रेन की आवाजाही शुरू होने के मद्देनजर सोमवार को शिमला रेलवे स्टेशन की सैनिटाइजेशन की गई। स्टेशन प्लेटफार्म के अलावा वेटिंग हॉल और पैसेंजर एरिया को सैनिटाइज किया गया। रेलवे ट्रैक की मेंटेनेंस का काम भी पूरा कर लिया गया है। बुधवार को हॉलीडे स्पेशल ट्रेन (04515 कालका शिमला अप) कालका से 12:10 पर रवाना होगी और 5: 20 पर शिमला पहुंचेगी।
यह ट्रेन (शिमला कालका डाउन 04516) शिमला से सुबह 10: 40 पर कालका रवाना होगी और शाम 4:10 पर कालका पहुंचेगी। रेलवे ने त्योहारी सीजन के दौरान हॉलीडे स्पेशल ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। हॉलीडे स्पेशल ट्रेन दो लग्जरी डिब्बों सहित सात डिब्बों के साथ शिमला पहुंचेगी। ट्रेन में सीजेड श्रेणी के तीन डिब्बे, सीजेडआर श्रेणी का एक डिब्बा, जीएस श्रेणी का एक डिब्बा और एफसीजेड श्रेणी के दो डिब्बे होंगे। डीआरएम अंबाला गुरिंदर मोहन सिंह ने बताया कि कालका शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।