नरेश भारद्वाज के पिता का नाम हीराराम है, जो पुलिस विभाग में कार्यरत थे। माता जमुना देवी गृहिणी हैं। वह पिछले 18 वर्षों से गायन के क्षेत्र में हैं और इनके गीत अक्सर आकाशवाणी से भी सुनने को मिलते रहे हैं।
दूरदर्शन से भी इनके लोकगीतों को चलाया जाता रहा है। भारद्वाज ने 5 वर्षों तक लोकसंपर्क विभाग शिमला में भी एक कैजुअल कलाकार के रूप में काम किया है। हिमाचल के सभी अंतरराष्ट्रीय मेले में वह अपने कार्यक्रम दे चुके हैं।
नरेश भारद्वाज को 2009 सिरमौर कला संगम की ओर से कला साधक सम्मान से सम्मानित किया गया। भारद्वाज ने नए गायकों को प्रेरणा देते हुए कहा कि नए कलाकार हमेशा अपनी संस्कृति को ध्यान में रखें। खासकर बड़े मंचों पर अपनी संस्कृति को हमेशा तव्वजो दें।
लोक गायकी को सिर्फ पैसा कमाने का ही जरिया न बनाएं, इसका सम्मान भी करें। उन्होंने कहा है कि हिमाचली कलाकारों को आजकल के समय में काफी तवज्जो दी जा रही है, इससे रोजगार के साधन भी बढ़ रहे हैं।