आईपीएल के धूमधड़ाके के बीच इस बार हिमाचली सितारों की चमक फीकी पड़ गई है। आईपीएल-9 का आधे से ज्यादा सीजन हिमाचल के खिलाड़ियों ने बेंच पर ही बिता दिया। सूबे के पांच क्रिकेटर अलग-अलग टीमों से खेल रहे हैं।
प्रदेश के स्टार क्रिकेटर ऋषि धवन इस सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब से सिर्फ एक ही मैच खेले हैं। इसमें भी इनका प्रदर्शन साधारण रहा है। विक्रमजीत मलिक, पारस डोगरा, अंकुश बैंस और विपुल शर्मा को अब तक मौका नहीं मिल सका है।
पिछले सीजन में ऋषि धवन और विक्रमजीत सिंह मलिक ने पंजाब टीम से शानदार प्रदर्शन किया था। इस बार मलिक रॉयल चैलेंजर बंगलोर से खेल रहे हैं। इन्हें अब तक मैदान में नहीं उतारा गया है।
राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स में शामिल अंकुश बैंस को भी मौका नहीं मिला है। आईपीएल में पहली बार खेल रही गुजरात लायंस ने पारस डोगरा को टीम में शामिल किया है। डोगरा को भी अभी बेंच पर ही बैठना पड़ा है।
आईपीएल-9 की नीलामी में इन खिलाड़ियों को टीमों ने लाखों में खरीदा था, लेकिन अब तक इन खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं जताया है। टीम इंडिया से खेलने के बावजूद ऋषि धवन को किंग्स इलेवन पंजाब ने केवल एक बार मैदान में उतारा है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर धवन को टीम इंडिया में जगह दी गई थी। इस दौरे पर इनका प्रदर्शन साधारण रहा। यही कारण है कि इन्हें इस बार पंजाब की टीम से मौका नहीं मिल रहा है।
एचपीसीए के महासचिव विशाल मरवाह के अनुसार यह सीजन हिमाचली क्रिकेटरों के लिए अब तक मायूसी भरा रहा है। मरवाह के अनुसार आधा सीजन बीत गया है।
अब सभी टीमों के लिए मुकाबले चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे में हिमाचली क्रिकेटरों की डगर और मुश्किल हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो खिलाड़ियों को अब भी मौका मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन 14 मई से नादौन के अमतर क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ करने जा रही है। अंडर-16 खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
अकादमी के लिए 20 खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। विशाल मरवाह ने बताया कि अकादमी शुरू करने की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।