कुपवी के विकास पंवार अपने माता-पिता के साथ।
- फोटो : संवाद
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम जारी हो चुका है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में राजस्थान के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि तमिलनाडु की राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और पंचकुला के एकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे। इस बार कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। हिमाचल के कई होनहार युवाओं ने भी परीक्षा पास की है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 में हिमाचल प्रदेश के विकास ने 159वीं रैंक हासिल की है। शिमला जिले के कुपवी के जुब्बली गांव के विकास पंवार (22) पहले भी पंचायत सचिव, टीजीटी कला और आयकर निरीक्षक की परीक्षा पास कर इन पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। विकास नवंबर 2025 में कौन बनेगा करोड़पति टीवी शो में भी प्रतिभा के दम पर 50 लाख रुपये जीत चुके हैं। विकास ने 12वीं की पढ़ाई डीएवी न्यू शिमला से पूरी की है। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति शास्त्र में बीए (ऑनर्स) किया। उन्होंने यूजीसी-नेट भी क्वालिफाई किया है। विकास के पिता चतर सिंह दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। पिता ने बताया कि विकास ने सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में हिमाचल में टॉप किया था। बेटे की इस बड़ी कामयाबी से पूरे कुपवी क्षेत्र मे खुशी का माहौल है।
सीएम सुक्खू ने दी बधाई
सीएम सुक्खू ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2025 में कुपवी के जुब्बली गांव के निवासी विकास पंवार ने 159वीं रैंक हासिल कर पूरे प्रदेश का नाम देश भर में रोशन किया है। विकास की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पूरे हिमाचल प्रदेश को इस सफलता पर गर्व है।