आज लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। वीरवार को प्रदेशभर में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। शाम को मौसम बदलने से फिर ठंडक बढ़ गई। वीरवार को अटल टनल और जलोड़ी दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। हालांकि जिला कुल्लू और लाहौल में अभी भी 50 से अधिक सड़कें बंद चल रही हैं। वहीं शिमला में भी वीरवार को धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 27 मार्च को लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। 28 और 31 मार्च कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी।
28 से 31 मार्च तक अच्छी बारिश होने के आसार
29 और 30 मार्च कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। इस दौरान किन्नौर, लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 28 से 31 मार्च तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं। 1 अप्रैल को भी उच्च व मध्य पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
3 से 9 अप्रैल तक के सप्ताह के कुछ दिनों के दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। उधर, बुधवार रात को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.8, ताबो में 3.7, कल्पा में 5.4, धर्मशाला में 6.8, मनाली में 9.5, शिमला में 10.8, सोलन में 11.6, नाहन में 13.1, ऊना में 14.6, मंडी में 15.5 और कांगड़ा में 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।