बर्फबारी से बस अड्डे पर खड़ी बसें।
- फोटो : संवाद
आज और कल भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 जनवरी व 1 फरवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला (शिमला शहर सहित आसपास क्षेत्र), कांगड़ा, लाहौल-स्पीति व किन्नौर में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मैदानी व निचले क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा कई मैदानी भागों में अंधड़ व बिजली चमकने का अलर्ट भी जारी हुआ है। हालांकि, 2 फरवरी को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों को छोड़कर अन्य में मौसम साफ रहने के आसार हैं। लेकिन, 3 फरवरी को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई भागों में 4 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। 5 फरवरी को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश व बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा।
स्थानीय लोगों व पयर्टकों के लिए जरूरी एडवाइजरी
- मौसम के संबंध में जारी की गई किसी भी यातायात सलाह का पालन करें।
- संबंधित विभागों द्वारा जारी सलाह और दिशानिर्देशों का पालन करें।
- अपने गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले अपने मार्ग पर यातायात की जांच करें।
- बर्फबारी के प्रति संवेदनशील इलाकों का रुख न करें
- तापमान कम होने के कारण पशुओं को घर के अंदर ही रखें, उन्हें रखने की पर्याप्त व्यवस्था करें।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 2.4, संदरनगर 7.3, भुंतर 6.8, कल्पा -1.2, धर्मशाला 5.4 , ऊना 9.7, नाहन 7.1, पालमपुर 5.0, सोलन 4.0, मनाली 1.4, कांगड़ा 8.6, मंडी 6.6, बिलासपुर 10.1, हमीरपुर 8.8, डलहौजी 1.0, जुब्बड़हट्टी 5.5, कुफरी 0.1 ,कुकुमसेरी -2.8, नारकंडा -1.3, भरमौर 3.7, रिकांगपिओ 1.7, सेऊबाग 5.0, धौलाकुआं 7.6, बरठीं 9.3, समदो 0.7, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 3.5 और देहरागोपीपुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी का ऊपरी शिमला से कटा संपर्क, निगम की बसें फंसीं शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम की राजधानी से ऊपरी शिमला चलने वाली बस सेवाएं ठप हो गई हैं। तारा देवी डिपो के फीसदी रूट फेल हुए हैं। कुफरी, फागू, नेरवा, चौपाल, रोहड़ू की ओर बसों का संचालन बंद है। फागू और खिड़की में भारी बर्फबारी के चलते निगम की 50 बसें से फंसी हैं। रामपुर और रिकांगपिओ के लिए ढली से बसंतपुर होते हुए बसें भेजी गईं। दिल्ली से शिमला होते हुए रामपुर और रोहड़ू चलने वाली दो वोल्वो बसें भी राजधानी से आगे नहीं भेजी जा सकीं। बारिश और बर्फबारी से किसानों- बागवानों को सूखे से राहत मिली है। राजधानी में ठिठुरन बढ़ गई है। छराबड़ा, कुफरी, नारकंडा और फागू मे बर्फबारी हुई है। वहीं शहर में सुबह से ही कोहरे के साथ हल्की बारिश जारी है।
बाहंग में रोके पर्यटक वाहन, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मनाली में सुबह से भारी बर्फबारी हो रही है। अटल टनल रोहतांग में लगभग 25 सेंटीमीटर, धुंधी 20, सोलंगनाला 18, पलचान में 15 और नेहरुकुंड में लगभग 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। इसको देखते हुए मनाली प्रशासन ने अलर्ट जारी कर पर्यटकों से मालरोड़ में ही बर्फबारी का आनंद लेने की अपील की है। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यटक वाहनों को बाहंग में रोका जा रहा है। बर्फबारी के कारण पर्यटकों को सोलंगनाला की ओर नहीं भेजा जा रहा। हिडिंबा मंदिर मनाली में भी बर्फबारी हुई है।
अटल टनल और जलोड़ी दर्रा से वाहनों की आवाजाही बंद
लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद लोक निर्माण विभाग की 120 संपर्क सड़कों पर वाहनों के पहिये थम गए हैं। संपर्क सड़कें बंद होने से बर्फबारी के बीच लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं अटल टनल रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा भी प्रभावित हुई है। कुल्लू और लाहौल में बर्फबारी व बारिश से निगम के 20 से अधिक रूटों पर सेवाएं बंद हो गईं। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि बर्फबारी को देखते हुए पर्यटकों को एहतियात बरतने की अपील की है।
देवीदहड़, गोथला में ताजा बर्फबारी
- फोटो : संवाद
देवीदहड़, गोथला में ताजा बर्फबारी
मंडी जिले के ऊपरी क्षेत्र भी बर्फ से लकदक हो गए हैं। सिराज घाटी के देवीदहड़ में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा सोमनाची के गोथला में भी ताजा बर्फबारी हुई है। सोलन व कम ऊंचाई वाले अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई।