हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। रोहतांग समेत कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला, कुल्लू, लाहौल, सोलन, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर सहित कई क्षेत्रों में सोमवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई है। अंधड़ चलने से कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने और भवनों की छतें उड़ने से नुकसान भी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 20 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है।राजधानी शिमला में सोमवार दोपहर बाद 2:15 बजे शुरू हुआ बारिश और ओलावृष्टि का दौर रुक-रुक कर शाम तक जारी रहा। रोहतांग दर्रा के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा, घेपन पीक, लेडी ऑफ केलांग, मुलकिला, नीलकंठ, मकवरे, शिकवरे में बर्फ के फाहे गिरे हैं। शिमला जिला के रामपुर में अंधड़ के कारण परिवहन निगम की कार्यशाला में तीन बसों पर पेड़ गिर गए। कुल्लू के बंजार में प्राइमरी स्कूल मंगलौर की छत उड़ गई। पालमपुर में पेड़ के नीचे दबने से एक प्रवासी महिला की मौत हो गई। नगर निगम दफ्तर के बाहर बड़ा पेड़ गिरने से चार वाहन दब गए। होटल का शीशा गिरने से तीन बाइक क्षतिग्रस्त हो गए।