हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में कमजोर रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 4 अगस्त तक प्रदेश के कई भागों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं, 5 व 6 अगस्त के लिए प्रदेश मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में फिर से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति को छोड़कर सभी अन्य जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 7 और 8 अगस्त को भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, चंबा जिले के भलेई-तीसा मार्ग पर शाम 7:00 बजे पहाड़ दरकने से अफरातफरी मच गई। गनीमत ये रही कि जिस समय पहाड़ दरका मार्ग से कोई भी वाहन नहीं गुजर रहा था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। मार्ग पर टनों के हिसाब से गिरे मलबे और पत्थरों के चलते वाहनों की रफ्तार थम गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची लोक निर्माण विभाग के मशीनरी और मैन पावर मार्ग को खोलने में जुट गई। लेकिन, लगातार गिर रहे मलबे के बीच मार्ग बहाल करवा पाना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय मशीनरी मौके पर भेजी गई। लेकिन, गिरते मलबे के बीच मार्ग बहाल कर पाना बड़ी चुनौती बना हुआ है।
न्यूनतम तापमान
शिमला का न्यूनतम तापमान 16.1, सुंदरगनर 21.3, भुंतर 18.4, कल्पा 11.8, धर्मशाला 20.0, ऊना 23.0, नाहन 23.1, केलांग 8.9, पालमपुर 18.2, सोलन 19.4, मनाली 14.0, कांगड़ा 22.0, मंडी 21.3, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 22.2, ऊना 19.4, डलहौजी 16.5 , रिकांगपिओ 15.7, धौलाकुंआ 25.6, पांवटा साहिब 25.0 और कसौली में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 36, कांगड़ा 31.5, चंबा 30.8, सुंदरनगर 32.3, बिलासपुर 33.5, शिमला 24.2, डलहौजी 23.5, केलांग 24.7, पालमपुर 26.4, हमीरपुर 32.3, कल्पा 25.5, रिकांगपिओ 30.7 और सोलन में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।