लाहौल के जाहलमा गांव के समीप जमा झरना।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को लाहौल-स्पीति के रोहतांग समेत जिले की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। कांगड़ा जिले में धौलाधार की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। सात जनवरी तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में आगामी दो दिनों के दौरान बारिश की संभावना जताई है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्र किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं।
सोमवार को शिमला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। सोमवार को सोलन में अधिकतम तापमान 21.5, कांगड़ा में 21.3, सुंदरनगर 20.9, बिलासपुर में 20.5, धर्मशाला में 20.0, चंबा में 19.6, हमीरपुर में 19.0, भुंतर में 17.3, चंबा में 15.6, शिमला में 14.3, कल्पा में 10.9, डलहौजी में 8.2 और केलांग में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रविवार को धूप खिली रहने से न्यूनतम तापमान में भी हल्का सुधार आया है। केलांग और कल्पा को छोड़कर कई अन्य क्षेत्रों का पारा माइनस से बाहर आ गया है।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान
केलांग - 5.8
कल्पा - 2.0
मनाली 0.6
सुंदरनगर 1.8
सोलन 2.4
शिमला 6.1
धर्मशाला 7.2
चंबा में खराब मौसम को देखते ट्रैकिंग पर न जाने की हिदायत
मौसम के अलर्ट को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चंबा जिले में येलो अलर्ट कर दिया है। प्रशासन ने लोगों को बारिश, बर्फबारी, हिमस्खलन एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ों के ऊपरी भागों में जाने की हिदायत दी है। खराब मौसम में ट्रैकिंग करना खतरनाक साबित हो सकता है। पर्यटकों समेत अन्य लोगों को ट्रैकिंग न करने को कहा गया है। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आगामी दो दिनों में रेडियो और टेलीविजन पर मौसम के बारे में जानकारी जुटाने के बाद घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन ने सभी पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, गैर सरकारी संगठनों और ट्रैकर्स को मौसम विज्ञान केंद्र की चेतावनी के बारे में जानकारी दे दी है।
उनसे अनुरोध किया गया कि वे इस संदेश को लोगों को तक पहुंचाएं। इससे खराब मौसम में किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान होने की आशंका नहीं रहेगी। जिलाधीश चंबा डीसी राणा ने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार और बुधवार को बारिश, बर्फबारी होने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने से पहले मौसम का मिजाज देखने की सलाह दी गई है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में ना जाने के लिए लोगों को सचेत किया गया है।