हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत कथेट में कुट्टीधार से लूणी नाले में आई बाढ़ में छह मवेशी बह गए। राज्य में कांगड़ा समेत कई क्षेत्रों में बादल बरसे। शिमला में भी शाम के समय बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही संबंधित विभागों की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालने करने को कहा है। वहीं रविवार शाम तक हिमाचल में जगह-जगह भूस्खलन के कारण 44 सड़कें बंद रहीं। 20 ट्रांसफार्मर और पेयजल की एक योजना भी ठप है। हालांकि जिला कुल्लू में मौसम खुलने से राज्य के किसान-बागवानों को बड़ी राहत मिली है। खासकर बागवानों ने सेब का तुड़ान तेज कर दिया है। रविवार को चौथे दिन भी मौसम साफ रहा।
सरकारी विभागों को बंद सड़कों, बिजली ट्रांसफार्मरों और पेयजल स्कीमों को बहाल करने में मदद मिली। जिला में 15 बंद सड़कों को भी खोलने का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। उधर जिला कांगड़ा में रविवार को धूप और बादलों के बीच कुछ देर के लिए हल्की बारिश होने से लोगों को तेज धूप से राहत मिली। रविवार को सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद करीब एक घंटे के लिए हल्की बारिश हुई। वहीं जिला में रविवार को गगल एयरपोर्ट पर सभी विमान सेवाओं ने उड़ानें भरी हैं। चक्की रेल पुल के बहने के बाद से कांगड़ा घाटी की रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद है। बीते 24 घंटे में जिला कांगड़ा में बारिश से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रदेश में जोगिंद्रनगर में 15, बरठीं में 8, कसौली में 4, नादौन और पंडोह में 3-3 मिलीमीटर बारिश हुई।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.7, सुंदरगनर 22.5, भुंतर 22.1, कल्पा 12.4, धर्मशाला 20.2, ऊना 24.7, नाहन 24.1, केलांग 11.0, पालमपुर 21.4 , सोलन 20.0, मनाली 18.8, कांगड़ा 24.6, मंडी 23.6, बिलासपुर 25.0, हमीरपुर 23.8, चंबा 23.3, डलहौजी 16.5, कुफरी 14.8, रिकांगपिओ 17.2, पांवटा साहिब 24.0 और कसौली में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।