हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर होने लग पड़ा है। 21 जून से प्रदेश में मौसम साफ होने के आसार हैं। हालांकि, रविवार को बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला में शाम के समय रिमझिम बारिश हुई। अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की कमी दर्ज हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 जून से मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर और लाहौल स्पीति में 22 जून से मौसम साफ होने के आसार हैं।
24 जून तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर थमने की संभावना है। 25 जून से दोबारा बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल बरसने की चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को राजधानी शिमला में शाम चार बजे तक मौसम साफ रहा। इसके बाद कुछ समय के लिए शहर में रिमझिम बारिश हुई। पांच बजे के बाद दोबारा शहर में धूप खिली। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.4, बिलासपुर में 34.0, हमीरपुर में 33.7, सुंदरनगर में 33.1, कांगड़ा-भुंतर में 32.1, चंबा में 31.5, सोलन में 29.5, धर्मशाला में 27.6, नाहन में 27.0, शिमला में 22.3, डलहौजी में 19.9, केलांग में 19.2 और कल्पा में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।