फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: शिमला में 32 साल बाद जनवरी में रात का तापमान 8.8 डिग्री, मैदानी जिलों में कोहरा बना परेशानी

Tue, 13 Jan 2026 01:00 AM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में 32 साल बाद जनवरी में शिमला का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में ठंड तो कहर ढा रही है लेकिन बारिश न होने के कारण किसान और बागवान परेशान हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
बर्फबारी के बाद इन दिनों शिकुंला दर्रा का नजारा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी शिमला में इस बार जनवरी का मौसम कई रिकॉर्ड तोड़ रहा है। 32 साल बाद जनवरी में शिमला का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आमतौर पर कड़ाके की ठंड के लिए पहचाने जाने वाले इस पहाड़ी शहर में रात का तापमान इतना अधिक होना मौसम के बदलते मिजाज की ओर साफ इशारा कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में जनवरी में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री के बीच रहता है, लेकिन इस बार पश्चिमी विक्षोभ की लंबे समय से निष्क्रियता और शुष्क मौसम के चलते तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे न केवल ठंड का असर कम हुआ है, बल्कि बर्फबारी का इंतजार भी लंबा होता जा रहा है। रविवार रात को शहर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। इससे पूर्व साल 1994 में जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा था।

विज्ञापन

प्रदेश के उच्च पर्वतीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू में सर्दी का असर बरकरार है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अभी भी शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कई स्थानों पर नदियां और जलस्रोत जमने लगे हैं, वहीं सुबह-शाम कड़ाके की ठंड लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है। मैदानी और निचले क्षेत्रों में मौसम की मार अलग रूप में देखने को मिल रही है।

ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में घने कोहरे के कारण शीतलहर का असर बढ़ गया है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। सोमवार को शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में सुबह ही धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। वहीं कुछ क्षेत्रों में मौसम करीब 11 बजे के बाद साफ हुआ। धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16 से 18 जनवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है। इसके असर से उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना है। यदि यह पूर्वानुमान सटीक रहा, तो लंबे समय से सूखे पड़े पहाड़ी क्षेत्रों को राहत मिल सकती है और सर्दी का असली असर भी देखने को मिलेगा। जिला कुल्लू और लाहौल घाटी में साफ चल रहे मौसम के बीच सोमवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कोकसर, रोहतांग, जलोडी दर्रा, दारचा में शीतलहर होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 17.2, धर्मशाला में 19.1, ऊना में 16.2, हमीरपुर-नाहन में 19.0, सोलन में 20.6, मनाली में 16.2, कांगड़ा में 20.3 और मंडी में 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
विज्ञापन

क्षेत्र न्यूनतम तापमान
कुकुमसेरी -9.6
ताबो -7.8
सोलन 1.2
सुंदरनगर 1.3
हमीरपुर  1.6
ऊना 2.0
मनाली 2.1
कल्पा 2.4
मंडी 2.4
धर्मशाला 2.6
कांगड़ा  3.0
बिलासपुर 4.5
नाहन  5.3
पांवटा साहिब 6.0
रिकांगपिओ  6.4
कुफरी 6.8
शिमला 8.8
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें