प्रदेश में बिगड़े मौसम के मिजाज से सोमवार सुबह आठ बजे राजधानी शिमला सहित कई इलाकों में अंधेरा छा गया। वाहनों की लाइटें जलानी पड़ी। सुबह नौ से दस बजे के बीच तेज बारिश हुई। कई क्षेत्रों में अंधड़ चला। दोपहर 12 बजे के बाद धूप खिल गई। हालांकि, अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर ठंडक बढ़ गई है।
कुल्लू-मनाली एनएच पर बारिश और भूस्खलन से सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहा और आम लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशान होना पड़ा। रेणुका-सतौन सड़क पर भारी मलबा गिरने से सोमवार को वाहनों की आवाजाही ठप रही। रविवार रात मलबे में एक ट्रक फंस गया। इससे वाहन चालक परेशान रहे।
सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 17.7, सुंदरनगर में 26.7, भुंतर में 21.8, धर्मशाला में 21.2, ऊना में 32.4, नाहन में 26.3, सोलन में 20.0, कांगड़ा में 30.0, बिलासपुर में 28.9, हमीरपुर में 28.6, चंबा में 27.7, कल्पा में 13.1, डलहौजी में 15.3 और केलांग में 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
उधर, रविवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 12.6, सुंदरनगर में 15.7, धर्मशाला में 13.2, ऊना में 16.5, नाहन में 16.2, सोलन में 13.5, कांगड़ा में 18.0, मंडी में 15.2, बिलासपुर में 17.0, हमीरपुर में 16.7, डलहौजी में 8.8, मनाली में 8.4, कल्पा में 6.0 और केलांग में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।