पत्थरों और मलबे से मणिमहेश श्रद्धालुओं के आधा दर्जन वाहन चपेट में आ गए। गनीमत रही कि घटना के समय कोई भी श्रद्धालु वाहन में मौजूद नहीं था। बुधवार को श्रद्धालुओं के लौटने पर वाहनों को नुकसान का पता चला। वहीं चंबा जिले के भरमौर की ग्राम पंचायत चौबीया में कुछ घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा है।
दो घरों के ढहने का खतरा मंडराने लगा है। मक्की, आलू और राजमाह समेत अन्य फसलें बरबाद हो गई हैं। गांव के रास्तों को भी नुकसान पहुंचा है। बिलासपुर जिले के बागीबनौला में बारिश से एक मकान की दीवार गिर गई। हालांकि मकान और रह रहे लोग सुरक्षित हैं। उधर, थुरल की पंचायत वैरधट्टा के गांव बंहू में मंगलवार की रात भूस्खलन हो गया।
इससे सात कमरों के मकान को खतरा पैदा हो गया है। बुधवार को भी धर्मशाला में हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को प्रदेश में मानसून कमजोर रहा। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी रिकार्ड हुई। राजधानी शिमला में बुधवार को मौसम खराब रहा। शाम के समय हल्की बूंदाबांदी ही हुई।
बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.4, भुंतर में 33.2, हमीरपुर में 32.9, बिलासपुर में 32.8, सुंदरनगर में 32.7, कांगड़ा में 31.7, चंबा में 30.8, नाहन में 28.3, धर्मशाला में 27.6, सोलन में 27.0, केलांग में 25.5, शिमला में 22.8 और डलहौजी में 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।