हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। बुधवार को कुफरी, नारकंडा, जुब्बड़हट्टी और धौलाकुआं में बूंदाबांदी ही हुई। शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। गुरुवार को भी बूंदाबांदी के ही आसार हैं। पांच से सात अगस्त तक प्रदेश में बारिश होने का पूर्वानुमान है। बुधवार शाम तक प्रदेश में 31 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। कुल्लू जिले में 17, मंडी में नौ, सोलन में दो और चंबा-कांगड़ा-लाहौल-स्पीति में एक-एक सड़क बंद रही। जिला चंबा में 58 और कुल्लू में दो बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद हो गई है। चंबा जिले में सात और लाहौल-स्पीति में एक पेयजल योजना भी प्रभावित चल रही है। प्रदेश में बुधवार को दो कच्चे मकान और छह गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। प्रदेश में जारी बरसात से मानसून सीजन के दौरान अभी तक 60, 289 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया है। मैदानी जिलों में बारिश का दौर थमते ही अधिकतम तापमान में फिर बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। ऊना में बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
15 घंटे बाद बहाल हुआ भलेई-कोटी मार्ग
उधर, साढ़े 15 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और लेबर ने भलेई-कोटी मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया। विभाग ने लोगों से भूस्खलनग्रस्त क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि मंगलवार सायं 7:00 बजे पहाड़ का एक हिस्सा दरकने से भलेई-कोटी मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई थी। मार्ग के बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ दरका, उस समय सड़क से कोई नहीं गुजर रहा था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के बाद मौके पर विभागीय मशीनरी पहुंच गई लेकिन बीचबीच में पहाड़ से होने वाले भूस्खलन के कारण रात के समय मार्ग बहाल करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। बुधवार सुबह 6:00 बजे मार्ग बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर आरंभ किया गया जिसे सुबह 10:30 बजे तक यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने लोगों से भूस्खलनग्रस्त क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 37.2 24.4
बिलासपुर 33.0 25.0
कांगड़ा 32.7 23.1
हमीरपुर 32.6 22.6
चंबा 31.6 21.4
धर्मशाला 29.2 19.2
सोलन 29.1 20.4
नाहन 28.1 23.3
केलांग 25.8 10.4
कल्पा 24.2 12.6
शिमला 22.7 17.0