पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में माैसम ने करवट बदली है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शनिवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। सुबह के समय आसमान साफ था। शनिवार को दोपहर बाद घने बादल आने से मौसम बदला तथा तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। चंद्रभागा की ऊंची पहाड़ियों सहित घेपन पीक, शिगरी ग्लेशियर, कुंजम पास और शिति नाला की लद्दाखी पीक, फ्रेंडशिप पीक, सेवन सिस्टर्स पीक पर भी बर्फ गिरने की सूचना है। तापमान गिरने से लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकाल लिए हैं। बीआरओ ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से कोकसर की ओर सड़क से बर्फ हटाने का कार्य आरंभ कर दिया है। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 5-14 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।