हिमाचल प्रदेश के मैदानी व कम ऊंचाई में क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 30 मई तक राज्य के कई स्थानों पर हीटवेव जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर, ऊना, धाैलाकुआं और हमीरपुर में लू चलने से लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। प्रदेश के नाै स्थानों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, बरठीं, धौलाकुआं, मंडी, कांगड़ा व सुंदरनगर में अधिकतम अधिकतम 40 डिग्री के पार रहा है।