आगामी दिनों में ऐसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 6 से 8 मार्च तक राज्य में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली हुई है। 9 मार्च को लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 10 मार्च को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। जबकि 11 और 12 मार्च को राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।
तापमान में बदलाव आने की संभावना
अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। 9 मार्च तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं और उसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.4, सुंदरनगर 6.4, भुंतर 4.0, कल्पा -0.9, धर्मशाला 4.5, ऊना 4.6, नाहन 10.5, केलांग -8.4, पालमपुर 5.0, सोलन 6.1, मनाली 1.1, कांगड़ा 8.0, मंडी 7.7, बिलासपुर 7.1, चंबा 7.2, डलहाैजी 1.2, कुकुमसेरी -12.4, सेऊबाग 3.5, धाैलाकुआं 7.5, बरठीं 6.0, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 0.6 व ताबो में -9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंबा-तीसा मार्ग पर पुखरी के पास ईंटनाला में दरकी पहाड़ी
चंबा-तीसा मार्ग पर पुखरी के समीप ईंटनाला में पहाड़ी दरकने के बाद सड़क पर टनों के हिसाब से मलबा गिर गया। इससे सड़क यातायात के लिए बंद हो गई। गनीमत ये रही कि पहाड़ी से होने वाले भूस्खलन की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मार्ग को बहाल करने में जुट गई हैं। भूस्खलन के कारण पुखरी के आगे मार्ग बंद हो गया। वहीं चंबा के पांगी में 10 घंटों तक बर्फ की मोटी परत पर मरीज को पीठ पर उठाकर तो कभी अस्थायी स्ट्रेचर को खींच कर युवाओं ने किलाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। जनजातीय क्षेत्र पांगी के हुडान-भटोरी का यह मामला बताया जा रहा है।