पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में शनिवार को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। रविवार से इन क्षेत्रों में भी माैसम शुष्क रहने के आसार हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को मौसम साफ रहा। हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम में ठंड का असर रहा। लाहौल में शीतलहर चलने से नदी-नालों के साथ झीलों का पानी जमने लगा है। शुक्रवार को भाखड़ा बांध क्षेत्र (बिलासपुर) व सुंदरनगर में कोहरा छाया रहा। भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्रों, बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों सहित मैदानी जिलों में 25 नवंबर तक सुबह व शाम के समय घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वीरवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 8.7, कुकुमसेरी में माइनस 4.1, केलांग में माइनस 2.0, समदो में माइनस 1.3, शिमला में 8.2, सुंदरनगर में 5.5, भुंतर में 3.5, कल्पा में 0.2, धर्मशाला में 9.0, ऊना में 5.3, नाहन में 10.0, सोलन में 4.8, मनाली में 2.8, कांगड़ा में 7.6, मंडी में 6.0, बिलासपुर में 7.4, हमीरपुर में 6.5 और चंबा में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।