अप्रैल से जून के दाैरान दिन के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार
उधर, अप्रैल से जून 2025 के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से यह पूर्वानुमान जताया गया है। मंगलवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी गर्मी के मौसम के दौरान प्रदेश की उच्च पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर निचले पहाड़ी- मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में हीट वेव(लू) वाले दिनों की संख्या लगभग 10-20 फीसदी अधिक होगी। ऐसे में इस बार पिछली बार की तुलना में लू के थपेड़े ज्यादा झेलने होंगे। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश में दिन के तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। अप्रैल में ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और किन्नौर जिलों को छोड़कर हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। इसी तरह अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। अप्रैल के दौरान, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हीट वेब वाले दिनों की संख्या सामान्य रहेगी। अप्रैल में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होगी।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.6, सुंदरनगर 8.9, भुंतर 7.6, कल्पा 3.0, धर्मशाला 12.2, ऊना 7.2, नाहन 15.8, केलांग -0.7, पालमपुर 9.0, सोलन 7.2, मनाली 7.5, कांगड़ा 10.0, मंडी 10.2, बिलासपुर 11.5, चंबा 9.0, डलहाैजी 11.7, कुफरी 8.7, कुकुमसेरी 2.6, बरठीं 7.1, कसाैली 12.8, पांवटा साहिब 15.0 व सराहन में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मार्च में 1901 के बाद से 54वीं सबसे कम बारिश दर्ज
हिमाचल प्रदेश में 1901 के बाद से 54वीं सबसे कम बारिश (75.5 मिमी) हुई है। सबसे कम बारिश वर्ष 2022 में (5.4 मिमी) मार्च में हुई थी। 1 मार्च 2025 को खदराला शिमला में 120.0 सेमी की भारी बर्फबारी हुई। जबकि भुंतर में 112.2 मिमी, जोगिंदरनगर 108.0, सियोबाग106.0, बंजार 92.0, धर्मशाला 85.2, मनाली 82.0, बैजनाथ 78.0, पालमपुर 75.6, करसोग 68.2 व कसोल में 67.0 मिलीमीटर भारी बारिश हुई। 16 मार्च को कुमारसैन में 70.4 व मनाली में 65.0 मिलीमीटर बारिश हुई। मार्च में 113.4 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले राज्य में 75.5 मिमी वास्तविक बारिश हुई। यह सामान्य से 33 फीसदी कम है। कुल्लू सबसे अधिक 156.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि ऊना जिले में सबसे कम माइनस 62 फीसदी बारिश हुई। कुल्लू, मंडी, शिमला जिलों में सामान्य वर्षा हुई है और शेष जिलों में कम वर्षा हुई है।