हिमाचल में बीते 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शुक्रवार रात से बारिश जारी है। रोहतांग, सहित किन्नौर की पहाडि़यों में शनिवार को ताजा हिमपात भी रिकॉर्ड किया गया।
विज्ञापन
प्रदेश में बारिश और हिमपात के चलते शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारा गिरा है जबकि मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। भारी बारिश के चलते शनिवार को मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर शिमला से मंडी के लिए उड़ान नहीं भर सका।
मंडी दौरा रद्द होने के चलते मुख्यमंत्री ने सचिवालय से ऑनलाइन ही लोकार्पण किए। रविवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होने के आसार हैं। सोमवार से प्रदेश में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।
विज्ञापन
रोहतांग दर्रे में पांच सेंटीमीटर तक बर्फबारी
13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में शनिवार को ताजा हिमपात हुआ है। दर्रे में पांच सेंटीमीटर तक गिरे बर्फ के फाहों के बावजूद वाहनों की आवाजाही नियमित रूप से होती रही।
रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, बारालाचा तथा मनाली के मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा तथा देऊ टिब्बा में भी ताजा बर्फबारी से चोटियां बर्फ से सफेद हो गई हैं।
सीमा सड़क संगठन के कमांडर अरविंद अवस्थी ने बताया कि रोहतांग पास में हिमपात होने के बावजूद रोहतांग होकर मनाली-केलांग के लिए यातायात पूरी तरह से सुचारू रहा।
उधर, किन्नौर जिले के किन्नर कैलाश, जोरखंडन, नाको के रियो पुर्गिल, छितकुल की थौला पहाडि़यों, सांगला कंडा, सीगन पहाड़ियों और भावा वैली की ऊंची चोटियों में भी ताजा हिमपात हुआ है।
जिला कांगड़ा के छोटा भंगाल की ऊंची चोटियों, बड़ा भंगाल के थमसर जोत, फुंगनीजोत, मराहड़जोत वदेह्नासर में भी हिमपात रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में शनिवार को लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा।
शहर में जारी बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं। जिला सोलन के बीबीएन में जारी बारिश से किसानों की खड़ी मक्की की फसल बर्बाद हो गई है।
शनिवार को गोहर में 102 मिलीमीटर, डलहौजी में 82, पालमपुर में 66, पच्छाद में 63, नैणादेवी में 42, शिमला में 41, सोलन में 35, अर्की में 32 और जोगिंद्रनगर में 29 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
प्रदेश में पांच डिग्री गिरा पारा
प्रदेश में जारी बारिश के चलते अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को शिमला में अधिकतम तापमान 17.1, ऊना में 24.0, धर्मशाला में 26.2, सोलन में 20.0, कांगड़ा में 22.7, नाहन में 20.7, डलहौजी में 16.1, बिलासपुर में 22.6, हमीरपुर में 23.0, सुंदरनगर में 22.8, भुंतर में 21.3 और मंडी में 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।