इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के निचले और मध्य पर्वतीय जिलों में सक्रिय मानसून के प्रभाव से 14 जुलाई से अलग-अलग स्थानों पर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 15 से 17 जुलाई तक चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री नीचे बना रहने की संभावना है। वहीं, अगले 4 से 5 दिनों तक औसत न्यूनतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि प्रदेश में 7 से 12 जुलाई तक सामान्य से 531 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई।
प्रदेश में अभी भी सैकड़ों सड़कें, बिजली ट्रांसफार्मर व जलापूर्ति योजनाएं ठप
मंडी-कुल्लू-मनाली, ग्रांफू-काजा वाया कुंजम दर्रा, तांदी-लेह हाईवे, 719 सड़कें ठप हैं। 1,000 पेयजल परियोजनाएं और 2,498 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप हैं। कुल्लू जिला में अभी तक 20 शव बरामद हुए हैं। इनमें से सात की पहचान नहीं हो पाई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 48 घंटों के भीतर पहाड़ की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए कुल्लू जिले में अस्थायी तौर पर बिजली, पानी व संचार सेवाओं को बहाल कर दिया है। इसके साथ ही करीब 70 हजार में से 60 हजार पर्यटकों को भी सुरक्षित निकाल लिया है।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 15.4, सुंदरनगर 22.0, भुंतर 18.0, कल्पा 11.1, धर्मशाला 19.2, ऊना 21.6, नाहन 20.9, पालमपुर 17.5, सोलन 19.5, मनाली 13.8, कांगड़ा 20.6, मंडी 21.5, बिलासपुर 21.0, चंबा 21.1, डलहौजी 14.5, कुफरी 14.4, रिकांगपिओ 14.2, धौलाकुआं 23.8, बरठी 23.1, मशोबरा 15.3 और देहरागोपीपुर में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।