हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी मौसम खराब रहा। प्रदेश की राजधानी शिमला में बारिश के साथ ओलावृष्टि और चोटियों पर बर्फबारी हुई। राजधानी से सटे पर्यटन स्थल कुफरी में सीजन का पहला हिमपात हुआ। कुल्लू-मनाली और लाहौल की चोटियों पर एक फीट तक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह और आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे-305 यातायात के लिए बंद हो गया। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर सहित सोलंगनाला, रोहतांग दर्रा, सिस्सू, कोकसर, कुंजम दर्रा, बारालाचा, शिंकुला तथा जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी हुई है। सोलंगनाला में तीन, अटल टनल के दोनों छोर, कोकसर, सिस्सू व गोंधला में 15 से 20 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा में 30 और जलोड़ी दर्रा में 12 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।
लाहौल घाटी में 34 सड़कें बंद
लाहौल घाटी में 34 सड़कें बंद हो गई हैं। किन्नौर के ऊपरी इलाकों और चंबा जिले के पांगी-भरमौर की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। चुराह के टेपा, डलहौजी के लक्कड़मंडी, पौलहाणी में हल्की बर्फबारी हुई। चंबा-बैरागढ़-किलाड़ वाया साच पास मार्ग पर दो फुटब तक बर्फबारी हुई है। अब किलाड़ पहुंचने के लिए चंबा से लोगों को वाया लाहौल-स्पीति और जम्मू का सफर तय करना होगा।
2 दिसंबर से मौसम साफ
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला व आसपास भागों में शुक्रवार सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर से बारिश शुरू हो गई। बीच-बीच में धूप भी निकली। वहीं, 2 से 7 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। शुक्रवार को धौलाकुआं में अधिकतम तापमान 25.6, ऊना में 24.2, कांगड़ा में 23.8, सुंदरनगर में 23.5, मंडी में 21.8, धर्मशाला-भुंतर में 21.0, शिमला में 16.0 और मनाली में 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.8, सुंदरनगर 8.1, भुंतर 6.5, कल्पा माइनस 1.0, धर्मशाला 8.2, ऊना 7.4, नाहन 11.3, पालमपुर 7.0, सोलन 5.0, मनाली 4.6, कांगड़ा 9.1, मंडी 8.1, चंबा 8.8, डलहौजी 4.0, जुब्बड़हट्टी 8.8, कुफरी 3.1, नारकंडा 2.2, रिकांगपिओ 2.3, सेऊबाग 7.0, धौलाकुआं 10.1, बरठीं 10.3, समधो माइनस 1.2, पांवटा साहिब 13.0, सराहन 5.0 और देहरागोपीपुर में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।